Total Pageviews

Wednesday, 30 December 2020

हमारे रसोई घर की कहानी

रसोई घर की कहानी

जब मानव जाति की कहानी शुरू हुई तब सब जगह बीहड़ ही था ।  न तो कोई गांव थे ना कोई शहर था ना सड़क थी न मकान थे न खेती थी । 

यह सोचकर आश्चर्य होता है कि मनुष्य की प्रजाति इस तरह के माहौल में शेर चीते भालू जंगली जानवर कीड़े मकोड़े इत्यादि से बचकर कैसे जीवित रही ।

 पर मनुष्य का दिमाग अन्य जानवरों के दिमाग से फर्क था तो शुरु से ही उसने अपने आप को नए ढांचे में लाना शुरू किया । पहले उसने पेड़ पर  मचान बनाए जंगली जानवरों से बचने के लिए । फिर उसने पत्थर से और लकड़ी से हथियार बनाए ताकि वह अपनी रक्षा कर सकें। जहां तक खाने-पीने का सवाल था वह पेड़ पौधों पर ही निर्भर था या छोटे-मोटे जानवरों को कच्चा खाने में।

 फिर अचानक उसे अग्नि के बारे में पता चला जब उसने देखा की जब दो पत्थर आपस में टकराते हैं तो चिंगारियां पैदा होती हैं । धीरे-धीरे उसने चिंगारी को आग में बदलना सीख लिया। फिर उस आग में उसने जंगली जानवरों को भूनकर खाना शुरू किया। फिर समय आया जब मनुष्य को खेती करने का ज्ञान हो गया और वह अनाज खाने  लगा। उसके बाद से खेतों से जुड़ा हुआ वह मनुष्य  गांव में रहने लगा और वहां झोपड़ियां बनाकर जानवरों से अपनी रक्षा करदा उससे सीख लिया ।

आदि मानव का बनाया हुआ चूल्हा अभी तक इस्तेमाल हो रहा है खासकर गांव में वैसे । अब रसोई गैस का बोलबाला है और धीरे-धीरे लकड़ी का चूल्हा गायब हो रहा है। हमारे घर में भी मेरे बचपन में लकड़ी का चूल्हा होता था। यह चिकनी मिट्टी और ईटों से बनाया जाता था और इसमें कुल्हाड़ी से काटी हुई लंबी लंबी लकड़ी जलाई जाती थी ।द

 बीसवीं सदी में दो महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए । 19 वीं सदी में जो बिजली का आविष्कार हुआ था उसका विस्तृत रूप से इस्तेमाल होने लगा और बिजली के स्टोव बनने लगे जिस पर लोग खाना बना सकते थे। फिर कुकिंग गैस के बारे में भी पता चला और धीरे-धीरे लोगों की रसोई में कुकिंग गैस आ गई।

 हमारे यहां जब पहली गैस आई थी तब मेरे ख्याल से एक सिलेंडर ₹17 का था सिर्फ, जो कि अब 700 से ₹900 के बीच में आता है। 

रसोई घर में  एक जमाने में सिल और बट्टा हुआ करता था। सभी मसाले और चटनियां सिलबट्टे में पीसकर ही बनाई जाती थी खाना बनाने में इस्तेमाल करने के लिए।  धीरे-धीरे भारी-भरकम सिल की जगह बिजली की मिक्सी आ गई मसाला वगैरह पीसने के लिए। रसोई में बैठकर खाना बनाते थे अब रसोई घर में खड़े होकर खाना बनाते हैं पहले रसोई घर में ही चौका पटरा लगाकर बैठकर खाना खाते थे अब लोगों ने खाना खाने का अलग कमरा बना दिया है इसे अंग्रेजी में डाइनिंग रूम कहते हैं पहले रसोई घर में लकड़ी के चूल्हे की वजह से अक्सर बहुत धुॅआ भर जाता था जिसको निकालने के लिए छत के ऊपर चिमनी होती थी जिस पर से धीरे-धीरे धुआ निकलता था । आजकल तो धुआ निकालने के लिए बिजली के एग्जॉस्ट फैन हो गए हैं जो बहुत जल्दी ही रसोई घर की हवा बाहर फेंक देते हैं ।

आज से 100 साल बाद मनुष्य के घर में कैसी रसोई  होगी यह कहना बहुत मुश्किल है

***

Tuesday, 29 December 2020

मोटर गाड़ी

मोटर गाड़ी

एक जमाना था जब कार स्कूटर मोटरसाइकिल बस यह सब नहीं होते थे। उस जमाने में एक नई  सवारी यानि साइकिल आई थी । अजीबोगरीब ढंग की ।  आगे बहुत बड़ा  पहिया होता था और पीछे  एक  छोटा पहिया । 

तब बग्गी तांगा एक्का इत्यादि ही होते थे । घोड़ों का राज था । घोड़े की भी सवारी होती थी और बैलगाड़ी में भी लोग आते जाते थे । सड़क  कच्ची ही होती थी। जब घुड़सवार सड़क पर जाता था तो घोड़े के टाप की धूल पीछे उड़कर जमा होती रहती थी।

 1890 के आस-पास कार का आगमन हुआ। रिक्शा टाइप की कार हुआ करती थी, खुली हुई। रईस लोगों को  टमटम की आदत है  और उसी की नकल  पर कार की  शुरुआत हुई  थी। आवाज बहुत करती थी । उसे स्टार्ट करना बड़ा मुश्किल होता था।

पुराने जमाने में अंग्रेजों का राज था भारत में तो ज्यादातर कार शुरू शुरू में ब्रिटेन की बनाई हुई होती थी जैसे मोरिस हिलमैन ऑस्टिन इत्यादि। शुरू शुरू में 20 और 30 के दशक में कुछ मोटर गाड़ियों में बाहर पीछे एक डब्बा जैसा होता था नौकर के बैठने के लिए। और भी देशों की कारें  बन रही थी  और काफी चल रही थी विदेशों में  देखिए कुछ फोटो  सौजन्य से  विकीपीडिया के।
 1940 के दशक में लैंड रोवर नाम की एक गाड़ी आई जो जीप और कार के बीच की सुविधा वाली की थी । हमारे पास भी 1950 के दशक में शुरू से ही लैंड रोवर रही है और उसी पर मैंने कार चलाना सिखा था ।

अमेरिका की गाड़ी बहुत बड़ी हुआ करती थी और अमेरिकन बहुत पैसे वाले लोग थे बीसवीं सदी में। 1950 के मध्य मे chevarlet company ने एक गाड़ी निकाली इंपाला जिसकी खूबसूरती देखते ही बनती थी। तब से लेकर अगले कुछ सालों तक chevarlet में एक से एक नए मॉडल्स में इंपाला निकाली और लोगों का मन मोह लिया ।

21वीं सदी के शुरू से मानव जाति को वातावरण में प्रदूषण से चिंता होने लगी और बिजली से चलने वाली वाहनों का उत्पादन करने की अभियान चला इस अभियान में टेस्ला काफी आगे रहा है और बाद में अन्य मैन्युफैक्चर अभी आगे आए हैं अगले कुछ दशकों में डीजल और पेट्रोल से चलने वाले वाहन लगभग समाप्त हो जाएंगे और बिजली से और सूर्य की ऊर्जा से चलने वाले वाहनों का प्रचलन होने लगेगा ।इससे मध्य पूर्व के इस्लामिक राज्यों का जो पूरे विश्व पर एक आर्थिक साम्राज्य है वह खत्म होने लगेगा

आगे और क्या होना है यह कहना बहुत कठिन है लेकिन उड़ने वाली कारों का आना शुरू हो गया है अभी व्यावसायिक रूप से तो नहीं आई है लेकिन सफल हो चुकी हैं।

अभी तो 21वीं सदी की शुरुआत ही हुई है इस सदी के अंत तक क्या क्या चमत्कार होंगे यह कहना संभव नहीं है।

***

Monday, 28 December 2020

हमारे टेलीफोन की कहानी

हमारे टेलीफोन की कहानी

तब मैं कोई 5 साल का रहा होगा । एक दिन हमारे घर एक दुबला पतला आदमी आया, हाथ में एक पुराना किस्म का झोला लिए हुए और आकर बोला "मैं टेलीफोन विभाग से आया हूं। टेलीफोन लगाना है"

उस जमाने में टेलीफोन बहुत ही कम लोगों के पास हुआ करते थे। शहर में सिर्फ बड़े सरकारी अधिकारियों के पास या  पैसे वाले लोगों के पास होते थे.

फिर वाह अंदर आया और अपने काम में व्यस्त हो गया । थोड़ी देर के बाद उसने फोन को फिट कर दिया, दीवाल के किनारे, और उस फोन से किसी से बात करने लगा, फिर अचानक फोन को मेरी तरफ बढाते हुए  वह बोला "लो भैया अपने पिताजी से बात करो"। मुझे बड़ा आश्चर्य हुआ के पिता जी कहां से आ गया फोन में । वह तो दफ्तर गए हुए हैं । उसने मेरे कान में फोन लगा दिया। उधर से आवाज आ रही थी "हेलो हेलो बेटा" । आवाज मेरे पिताजी की थी । मुझे आश्चर्य हुआ और मैंने घबरा कर कह दिया " बड़े साहब सलाम" जो उसने कहा पिताजी से कहा था जब उसने मेरे पिताजी से बात की थी । मेरे पिताजी हंसने लगे जोर-जोर से,  और मैं घबरा कर भाग गया बाहर।

 यह मेरा टेलीफोन से पहला परिचय था । यह candle टाइप टेलीफोन कई साल तक चला ।इसमें अपने आप डायल करने की सुविधा नहीं होती थी। एक्सचेंज से नंबर मागना पड़ता था । जब मैं फोन उठाता था तब कान में आवाज आती थी "नंबर प्लीज" । मै नंबर बता देता था और वह नंबर लगा देता था टेलीफोन एक्सचेंज में।

फिर सेल्फ डायलिंग फोन आए जिसमें आप उंगली डालकर डायल घुमाते थे । हम लोगों के पास काले रंग का सेल्फ डायलिंग फोन था जो काफी दिनों तक चला

उसके बहुत साल के बाद आया बहुत बढ़िया कलर वाला हल्के ऑफ व्हाइट रंग का डिजिटल फोन जिसमें बटन दबाना पड़ता था अंगुली डालकर घुमाना नहीं पड़ता था ।

90 के दशक में मोबाइल फोन आने शुरू हो गए शुरू शुरू में कॉल बहुत महंगी थी ₹8  मिनट । उस जमाने के ₹8 बहुत होते थे । फिर धीरे-धीरे रेट गिरने लगा और फोन भी सस्ते होने लगे । शुरू शुरू में नोकिया के फोन बहुत पॉपुलर थे और काफी महंगे भी थे। इन फोन को आजकल बेसिक फोन कहते हैं। 

अब दूसरे टाइप के बड़े फोन काफी प्रचलित हो गए हैं जिनको स्मार्टफोन कहा जाता है और जिस में इंटरनेट डाटा की वजह से आप फोन करने के अलावा बहुत कुछ और भी कर सकते हैं। 

जिस तेजी से विज्ञान के जगत में इलेक्ट्रॉनिक की प्रगति हो रही है उससे यह कहना संभव है कि अगले कुछ सालों में टेलीफोन के जगत में कुछ और भी चमत्कार हो सकते हैं

***

Sunday, 27 December 2020

गधा

गधा

आजकल गधा नहीं दिखाई देता है।

 हमारे बचपन में सड़क पर धोबी के गधे कपड़े लादे रोज दिखते थे। उस जमाने में यह कहावत थी कि अगर विद्यार्थी कोई टॉपिक पढ़ रहे हो इम्तहान के पहले और उस समय गधा रेकने लगे तो उस टॉपिक पर एक सवाल इम्तहान में निश्चित रूप से आता था। अब आजकल के बच्चों को पता ही नहीं चल पाता कि इम्तिहान में क्या सवाल पूछे जाने हैं क्योंकि गधे तो गायब हो गए। 

दुनिया में सबसे बड़े गधे अंग्रेज होते हैं । मेरा मतलब इंग्लैंड के गधों से है मनुष्य से नहीं । विश्व के सबसे प्रसिद्ध गधे हार्टफोर्डशायर मैं पाए जाते हैं । अब यह तो पता नहीं यह दुनिया के सबसे अच्छे गधे क्यों माने जाते हैं । मैं तो समझता हूं हमारे अपने  स्वदेशी गधे दुनिया में सबसे अच्छे हैं क्योंकि सीधे-साधे हैं और एक जमाने में बहुत मेहनती हुआ करते थे जब धोबी के साथ रहते थे।

गधा का रिश्तेदार खच्चर होता है और खच्चर का कोई ज्यादा जिक्र नहीं होता है फिर भी एक बार खच्चर प्रसिद्ध हो गया था हॉलीवुड में , जब खच्चर पर फिल्म बनी "फ्रांसिस  द टॉकिंग म्यूल। अंग्रेजी में म्यूल गधे को  कहते हैं। इस फिल्म का हीरो एक खच्चर था जो मनुष्य की तरह बोलता था।

हिंदी के एक प्रसिद्ध व्यंग कार कृष्ण चंदर ने एक किताब लिखी है "एक गधे की आत्मकथा" और उसके बाद "एक गधे की वापसी" । इन दो पुस्तकों से गधे को समझने में काफी सहायता मिलती है। अगर जैसा इन दो पुस्तकों में है इसी तरह सभी गधे मनुष्य की भाषा बोलने लगे तो क्या होगा ? होगा यह कि जब एक बाप अपने बेटे से झूझला के कहे "अबे गधे इधर आ"  तो दौड़ता हुआ बाहर खडा गधा अंदर घुस आएगा और रेकने लगेगा।

***

हमें कृतज्ञ होना चाहिए

हमें कृतज्ञ होना चाहिए 

जी हां हमें कृतज्ञ होना चाहिए उन सभी लोगों का जिनकी वजह से इस विनाशकारी करोना काल में हम अपना जीवन निर्वाह सही प्रकार से कर पा रहे हैं।

 बहुत से दुकानदार -- चाहे दवाई वाले हो या ग्रॉसरी वाले हो या अन्य सामान बेचने वाले हो - आपके घर पर सामान डिलीवर कर रहे हैं । आपको कहीं जाना नहीं पड़ रहा है । घर के अंदर सुरक्षित  रहकर भी आपको सब सामान मिलता जा रहा है वह भी उचित मूल्य पर । इसके लिए हमें इनका आभार प्रकट करना चाहिए।

 हमें आभार प्रकट करना चाहिए उन मिल के मजदूरों का जिनके बूते पर बड़े-बड़े उद्योगपति हमें तरह-तरह के सामान दे पा रहे हैं । फैक्ट्री में बने हुए   सामान के पीछे इन्हीं लोगों की मेहनत है अगर हम इस दौरान मोबाइल खरीदते हैं या अपने वस्त्र खरीदते हैं ऑनलाइन या हम खाने पीने का सामान खरीदते हैं या आटा दाल चावल -- सब चीजों के पीछे वह गरीब मजदूर हैं जो फैक्ट्रियों में घंटो काम कर रहे  हैं   और उसके बदले हमें घर बैठे सब सामान मिल रहा है। 

हमें आभार प्रकट करना चाहिए उन डॉक्टर्स का और नर्सेज का जो बारह बारह घंटे काम करके बीमार लोगों की सेवा कर रहे हैं अपने ऊपर बहुत बड़ा खतरा खतरा मोल लेते हुए । हम वायरस से ग्रसित लोगों से बच रहे हैं और वह जानबूझकर वायरस से ग्रसित लोगों के बीच में रहकर उन्हें ठीक करने की कोशिश कर रहे हैं।

हमें आभार प्रकट करना चाहिए उन किसानों का जो इस भयंकर महामारी के रहते हुए भी खेती करके अन्न उगा  रहे हैं और हम लोगों को खाने पीने की चीजें उपलब्ध करवा रहे हैं। इन सभी मेहनत कश किसानों का भला हो और उन्हें अपने उत्पाद का सही मूल्य मिले यही हमारी जिम्मेदारी है।

 बहुत से बुजुर्ग लोग अकेले रह रहे हैं। उनमें से वह लोग बहुत भाग्यशाली हैं जिन्हें कोई ऐसे सज्जन पुरुष मिल जाते हैं जो बैंक जाकर उनके पैसे ले आते हैं उनके बिल पे कर देते हैं और जो उनके अन्य काम निपटाने में उनकी मदद करते हैं । इन सज्जन लोगों का हमें धन्यवाद करना चाहिए और यदि हम संपन्न हैं तो हमें रुपया पैसे से उनकी मदद करनी चाहिए।

 संकट तो आते रहेंगे और चले जाएंगे पर यदि किसी संकट के बाद हम पहले से अच्छे मनुष्य बन सके तो यह बहुत बड़ी उपलब्धि होगी।

***

Wednesday, 23 December 2020

क्या कभी आपने सोचा था ?

क्या कभी आपने सोचा था ?

कभी आपने सोचा था कि जब आलू खरीदेंगे  तो सबसे पहले उसको साबुन के पानी में  भिगा कर रखेंगे काफी देर देंगे। उसके बाद सादे पानी से धोकर संभाल देंगे इस्तेमाल के लिए ।

वैसे ही सभी सब्जियां चाहे कद्दू हो लोकी हो हरा साग हो सब की धुलाई आजकल हो रही है साबुन के पानी से ।

कभी आपने सोचा था कि आप दिनभर साबुन से हाथ धोते रहेंगे और जो साबुन की टिकिया 1 महीने चलती है वह 4 दिन में खत्म हो जाएगी यह भी आप कर रहे हैं इस वायरस के जमाने में ।

कभी आपने सोचा था कि आप के परिजन जब आपसे मिलने आएंगे तो बाहर फाटक पर खड़े होकर बात करेंगे और आप अंदर मास्क के लगाए उनसे बात कर रहे होंगे । यह किस तरह का  अतिथि  सत्कार  है ?

कभी आपने सोचा था की अमेज़न फ्लिपकार्ट से जब आप सामान मगाएंगे तो वह बंदा घंटी बजा कर बाहर के गेट में ही सामान छोड़कर  चुपचाप भाग जाएगा । यह भी check नहीं करेगा कि सामान सही घर में दे रहा है या नहीं।

 सन 2020 हमारे जीवन का सबसे घटिया साल रहा क्योंकि इस तरह का तमाशा पहले कभी हमने नहीं देखा था। पूरी जिंदगी अस्तव्यस्त हो गई है। वायरस को रोकने के लिए तरह-तरह के उपाय किए गए । सोशल डिस्टेंसिंग यानी एक दूसरे से दूर खड़े होने का काम ।  मास्क भी लगाया गया है ।तरह-तरह की दवाइयां भी चल रही है। एक  आयुर्वेदाचार्य ने तो फटाफट वायरस के आते ही अपनी चमत्कारी दवा का डब्बा यूट्यूब में पेश कर दिया यह  कह कर कि इससे वायरस का खात्मा हो जाएगा पर उनके इस क्लेम पर सरकारी रोक लग गई क्योंकि उनके पास इस को प्रमाणित करने का कोई उपाय नहीं था । इसी तरह कहा गया कि क्लोरोक्विन खाने से वायरस का नाश हो जाता है किसी ने कहा रामडिसवार खाने से वायरस का नाश  हो जाता है।  किसी ने कहा हल्दी काली मिर्च सौठ का अर्क पियो तो किसी ने कहा कि तुलसी की पत्ती मैं दालचीनी मिलाकर पियो । पूरे साल भर यह सब तमाशा चले पर लोग मरते चले गए हैं ।

अमेरिका में तो बुरा हाल है विश्व का शायद अकेला देश है जहां की लोग दो भागों में बट गए हैं एक कहता है कि मास्क लगाना जरूरी नहीं है क्योंकि वायरस एक बकवास है और दूसरा कहता है वायरस बहुत खतरनाक है मास्क लगाना बहुत जरूरी है और दोनों दलों ने मारपीट तक की नौबत आ जाती है और अमेरिका में लोग मरते चले जा रहे हैं । करीब तीन लाख लोग मर चुके हैं लेकिन अभी तक होश नहीं आया है उन लोगों को जो वायरस को एक झूठा तमाशा साबित करने में लगे हुए हैं ।

गीता का एक श्लोक है 

यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत।
अभ्युत्थानमधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहम् ॥४-७॥

परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम् ।
धर्मसंस्थापनार्थाय सम्भवामि युगे युगे ॥४-८॥

शब्दार्थ-
मै प्रकट होता हूं, मैं आता हूं, जब जब धर्म की हानि होती है, तब तब मैं आता हूं, जब जब अधर्म बढता है तब तब मैं आता हूं, सज्जन लोगों की रक्षा के लिए मै आता हूं, दुष्टों के विनाश करने के लिए मैं आता हूं, धर्म की स्थापना के लिए में आता हूं और युग युग में जन्म लेता हूं।

तो प्रार्थना यह है कि प्रभु आप प्रकट हों और इस वायरस का विनाश करें।

 वैक्सीन के रूप में  प्रकट हो जाइए ताकि विश्व का कल्याण हो।

***

रक्तबीज रूपी वायरस

रक्तबीज रूपी वायरस 

कल बहुत बुरा लगा। हमारे क्लोज रिलेशन जो हमें बहुत प्रिय हैं कल हमारे यहां आए । उन्होंने व्हाट्सएप कर दिया था कि हम आएंगे और गेट से ही आपका कुशल समाचार लेंगे  । अंदर नहीं आएंगे।

 वैसा ही हुआ । हम उनसे दो 3 मीटर की दूरी पर खड़े होकर मास्क लगाकर अंदर से उनसे बात कर रहे थे और वह बाहर गेट पर खड़े थे ।

 मुश्किल से पाँच मिनट बातें हो पाई फिर वह चले गए । और कोई समय होता तो अंदर आकर बैठते । अदरक की चाय पीते बिस्किट दालमोठ  खाते और गप्पे लड़ाते घंटे 2 घंटे तक।

 इसीलिए कल बहुत दुख हुआ कि 102 साल बाद  फिर से एक वायरस पृथ्वी में हाहाकार मचा रहा है। करीब करीब एक साल हो गया है पूरा और तरह-तरह के उपाय पृथ्वी पर चल रहे हैं वायरस से बचने के लिए और इस पूरे साल में सभी लोग परेशान हो गए हैं। 

जहान है तो जहान है । हमको अपनी भी रक्षा करनी हैं और जो हमसे दूर खड़े हमसे बात करते हैं उनकी भी  लेकिन अब इस वायरस को जाना चाहिए क्योंकि हर चीज की एक सीमा होती है और इस वायरस ने अब सब हदें पार कर दी है।

कभी-कभी रक्तबीज की कथा की याद आ जाती है। 
देवी की कथा में कहा गया है कि रक्तबीज नाम का दैत्य पृथ्वी पर हाहाकार मचा रहा था तो लोगों ने देवी से गुहार की। देवी ने रक्तबीज पर आक्रमण कर दिया लेकिन रक्तबीज का खून जहां गिरता था वहां से सैकड़ों रक्तबीज और पैदा हो जाते थे। यही हाल इस वायरस का है। सैकड़ों करोड़ों अरबों की संख्या में यह फैला हुआ है पूरे विश्व में और हमें मां दुर्गा की तरह शक्तिशाली एक समाधान चाहिए इसका ।

विज्ञान ने इस समाधान को एक वैक्सीन के रूप में प्रस्तुत किया है। देखना यह है कि वैक्सीन इस रक्तबीज को पृथ्वी से कैसे हटाता है।

***

Tuesday, 22 December 2020

एक जमाने में

एक जमाने में 

कभी-कभी यह सोच कर आश्चर्य होता है कि हमारे बचपन के दिनों में चीजों के दाम कितने कम थे ।डबलरोटी 40 पैसे की आती थी । 50 पैसे में  सौ ग्राम अमूल का मक्खन आ जाता था । रिक्शे में बाजार जाते थे तो रिक्शावाला 25 पैसे लेता था। टमाटर चार आना किलो था ।

कभी-कभी रेस्टो भी चले जाते थे डोसा खाने और कॉफी पीने वहां पर भी छोटी सी रेजगारी में सब सामान मिल जाता था आपको विश्वास नहीं हो रहा है  नीचे बिल लगा है ।

हमारी बुआ जी ने 1974 में मकान खरीदा लखनऊ में ₹32000 का । वह भी कई साल तक किस्तों में । किस्त  देते रही किराए की तरह फिर मकान अपना हो गया।

मैंने पहला स्कूटर खरीदा 1972 में ₹3400 में उस समय 1 लीटर पेट्रोल ₹1 का आता था और उससे थोड़े दिन पहले तो और भी सस्ता था।  देखिए नीचे रसीद लगा दी है मैंने।

इसीलिए यह सोचकर आश्चर्य होता है कि कभी   50 पैसे मतलब उस जमाने की अठन्नी का सिक्का प्योर चांदी का होता था।

जिस हिसाब से दाम बढ़ रहे हैं आगे 20 साल बाद एक डबल रोटी ₹250 की आएगी 100 ग्राम मक्खन  ₹400 का आएगा और एक कप चाय भी करीब-करीब ₹100 की आएगी। तब एक देहाडी मजदूर कि रोजाना आमदनी शायद ₹4000 महीने होगी।

तब शायद एक बोरा भर के नोटों का ले जाना पड़ेगा अगर दो तीन आदमी खाना खाने जा रहे हो रेस्त्रा में।
***


Monday, 21 December 2020

Musaddi Lal in London

Musaddi Lal in London

Musaddi Lal from Lucknow was loitering in London on a holiday, sights seeing.

He saw a great number of people entering a beautiful building and decided to join them. They entered a huge hall.

It was actually an interview venue for a Microsoft managerial position for Mangolia. Musaddi Lal was unaware of this. He took his seat as others did so.

Bill Gates was there for selecting a couple of candidates.

Bill Gates thanked all the candidates for coming .
"Now all those who do not know the program language JAVA may kindly leave." , he said.

Many people rose and left the room.

Musaddi lal says to himself, "I do not know this language but what have I got to lose if I stay? I have come to see London. Let me enjoy. Let me see what happens next.."

Bill Gates now asks all the candidates who  never had experience of team management of more than 100 people to leave. More people exited the room. 

Musaddi Lal says to himself, "I have never managed even my own  kids  but why should I leave. let me see full programme" So he stays.

Then Bill Gates asks all the candidates who do not have degrees from Top League management schools to leave. More people get up and leave the room. 

Musaddi Lal says to himself, "I left school at 9th grade but what have I got to lose if I stay for this funny programme?" So he stays in the room.

Lastly, Bill Gates asks all of the candidates who do not speak Mongolian language to leave. So many more people exit the room.

 Musaddi Lal says to himself, "I do not speak mangolian but have I got anything to lose?" So he stays in the room.

He now finds himself alone with just one other candidate -- everyone else has gone.

Bill Gates joins them and says, "Well, you are the only two candidates who speak mangolian , so I'd now like you to have a little conversation in that language."

Calmly Musaddi lal turns to the other candidate and says to him: "Bhai saheb.  pan khaoge Lucknow ka special (brother will you like to eat a special paan of Lucknow?)." 

The other candidate smiles, " ama yaar . . .  tum  bhi Lucknow ke nikle... kamaal ho gaya..." (By Jove .You too ! And from Lucknow ! Good heavens !). 

They started laughing and hugged each other. And then they walked out of the room .

To this day Bill Gates has not been able to understand what exactly happened that day.

***

लॉकडाउन के दिन

लॉकडाउन के दिन

हम तो  अपने घर में लॉक डाउन में बंद
घर का राशन चेक करें मन में होवे द्वंद
मन में होवै द्वंद कही राशन कम ना पड़ जाए
 रोटी कैसे खाएंगे कैसे पिएंगे चाय
होम डिलीवरी का बंदा घर सामान तो लाए
पर उससे कैसे बचेंगे यही समझ ना आए 
यही समझ ना आए बना ली टीशर्ट की मास्क
 सैनिटाइजर के घोल से भर लिया अपना फ्लास्क
कह काका ज्योशराज समय   है कैसा आज 
मानव घर में बंद है , बाहर पशु पक्षी का राज

*** GNJ

बदलता फैशन

फैशन भी अजीब बला है कभी पैंट की मोहरी पतली हो जाती है कभी पैंट की मोहरी चौड़ी हो जाती है कभी-कभी कमीज के कालर लंबे हो जाते हैं और कभी कमीज के कॉलर  छोटे हो जाते हैं। कभी पैंट में लूप  उल्टे हो जाते हैं । कभी सीधे हो जाते हैं।

 यही हाल होता है जूते का  कभी आगे से चौड़े हो जाते कभी आगे से नोकीले ले हो जाते हैं । टोपी लगाने का फैशन आता है और कभी टोपी गायब हो जाती है ।

इससे फायदा होता है टेलर मास्टर का और कपड़ा बनाने वाली फैक्ट्री का  क्योंकि  जब  पुराना फैशन चला जाता है तो फिर से कपड़े बनाने पड़ते हैं ।पुराने कपड़े बेकार हो जाते हैं ।

जिस आदमी ने सबसे पहले फैशन का आविष्कार किया उसका गजब का दिमाग रहा होगा।

Friday, 18 December 2020

काला रुमाल

लॉकडाउन तो मार्च में आया लखनऊ में,  पर हम तो बहुत पहले ही चौकन्ना हो गए थे क्योंकि हम वुहान का पूरा हाल देख सुन चुके थे टेलीविजन पर । हमने फरवरी में ही नाक मुंह के ऊपर बहुत बड़ा सा  काला रुमाल लपेटना शुरू कर दिया था।

तो किस्सा है फरवरी के महीने का है जब हम पैसे निकालने के लिए बैंक गए  थे। तीन चार आदमियों की लाइन थी हम भी लग लिए उसी में।

काउंटर के अंदर एक मोटी सी मैडम बैठी हुई थी सजी-धजी लिपस्टिक लगाकर । नोटों की गड्डी  सामने रक्खी थी।

 जब हमारा नंबर आया  तो हमारे ऊपर नजर पड़ते ही  मैडम थोड़ी घबरा गई और हमने ज्यो ही  चेक निकालने के लिए बैग में हाथ डाला  कि उन्होंने झट से सब पैसे ड्राअर के अंदर डाल दिए और उछलकर कटघरे से बाहर चली गई। 

 हम उस समय बैंक में अकेले आदमी थे जो नकाबपोश की तरह काला रुमाल नाक और मुंह के ऊपर लगाए  हुए थे।
  हम ने पीछे खड़े सज्जन से कहा " भइया यह अचानक चली क्यों गई ?"

तो वह कहने लगे "आप को देखकर डर गई और सोचा  होगा  कि थैली में  हाथ डालकर डाकू पिस्तौल निकाल रहा है।"

हम ने झट से रुमाल हटा दिया और हाथ में चेक लेकर ऊपर को हाथ करा ताकि दिखाई दे दूर तक कि हाथ पर चेक है पिस्तौल नहीं।  महिला ने भी हमारे हाथ में  चेक देख लिया  और  खिसियानी हंसी  लेकर लौट  आई वापस और उन्होंने हमारा चेक लेकर हमें  पैसे दे दिए। 

पैसा देते वक्त बोली "ऐसा ड्रामा मत किया कीजिए बैंक में आकर"। 

हमने कहा " ड्रामा नहीं कर रहा हूं मैडम । वुहान का क्या हाल है पता है आपको? "

मैडम झुंझला कर कहने लगी "मैं किसी  वुहान नाम के आदमी को नहीं जानती। आप हट जाइए और पीछे वाले को आने दीजिए आगे"

अब बताइए उन्हें पता ही नहीं था कि वुहान एक जगह है चीन में जहां से वायरस शुरू हुआ था ।

वह तो जब मोदी जी ने मार्च में आकाश वाणी की तब जाकर कहीं लोगों ने मास्क लगाना शुरू किया । आज हर आदमी मास्क लगाए हुए हैं और सबको पता है कि वुहान क्या होता है । पर समय से पहले कोई काम किया जाए तो आदमी को लोग समझ नहीं पाते । 

अब दुबारा मार्च आने वाला है पर यह वायरस जाने का नाम ही नहीं लेता। अब तो सारी दुनिया के लोग मास्क के पीछे अपने मुंह और नाक को छुपाए बैठे हैं । सारी की सारी फैशनेबल औरतें भी मास्क के पीछे अपना चेहरा छुपाए बैठी है। 

सोचने वाली बात यह है कि जब लेडीस  ही मुंह छुपाए बैठी हैं तो लिपस्टिक बनाने वाली कंपनियों का क्या हाल हो रहा होगा । मेरे ख्याल से  तो भट्टा ही बैठ गया होगा अब तक! 


***


एक जमाना वह भी था

जब मनुष्य की उम्र काफी हो जाती है तो पीछे मुड़ के काफी दूर तक उसको दिखाई देता है ऐसे ही मुझको भी दिखाई देता है ।

आजकल यह सोच कर आश्चर्य होता है कि कभी हम भी इतने छोटे थे की एल के जी क्लास के बिल्कुल छोटे लिलिपुटियन कुर्सी में आराम से बैठ जाते थे क्लास में एबीसीडी सीखने के लिए । 
अभी तक याद है हमारी क्लास टीचर एक आइरिश नन हुआ करती थी। करीब 20 , 22 साल की रही होगी तब । बहुत सुंदर थी और सफेद प्रेम का चश्मा लगाती थी।

 एक तरफ तो उसकी सुंदरता थी और दूसरी तरफ हमारे बनवारी लाल शर्मा जो टीचर थे छठी क्लास में ! क्या उनकी शक्ल थी ! उनको देखकर लगता था जैसे रावण के दफ्तर के बड़े बाबू।  बच्चों को मार मार के अधमरा कर देना उनका रोज का नियम था। एक और मास्टर थे नाइंथ क्लास में। नाम मिस्टर विश्वास था। अंग्रेजी पढ़ाते थे और हर समय कान में उंगली डालकर बातें करते थे । उनके क्लास में कई शरारती लड़के थे जो उनके आने के पहले उनकी कुरसी में उल्टी करके ऑलपीन घुसा दिया करते थे और जब वह आकर बैठते थे तो अचानक उछाल जाते थे । उसके बाद जिस बच्चे पर शक हुआ उसकी धुनाई कर देते थे । आजकल तो मास्टर अगर बच्चे को छू भी दें तो उसकी छुट्टी हो गई।

 जब इंटर में आए तो क्लास में लड़कियां भी आ गई।  पर उस जमाने में लड़कियां सिर्फ आगे की बेंच में बाएं तरफ बैठती थी मास्टर जी के बिल्कुल पास और हम पीछे दूर बैठकर उन्हें निहारते रहते थे। आजकल तो लड़कियां जहां चाहे वहां बैठ जाती हैं पीछे की सीट में भी।

 जमाना बदल गया भैया । तब गुड़ चना लइया खाया करते थे और आजकल चाउमीन मोमोस खाते हैं  बच्चे। तब जानी वाकर का जमाना था और अब पता नहीं किसका है ।

गैस पर खिचड़ी चढ़ा रखी है और सीटी बज रही है तो भैया अब लिखना बंद करते हैं और उसी की तरफ चलते हैं क्योंकि इस कोरोनावायरस के जमाने में खाना तो हम ही को बनाना है और हम ही को खाना है । बर्तन भी हम ही को साफ करने हैं।  झाड़ू बुहारी भी हम ही को करनी हैं । 

चलो भैया यह जमाना भी देख लेंगे।

***